Sunday, August 3, 2025
कोरबा न्यूज़धर्म

ऊर्जानगरी में आकार ले रहा भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर, वैदिक पद्धति से होगा भव्य राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा

कोरबा/ आकाशवाणी.इन

समाज जीवन के लिए मर्यादा और अनुशासित जीवन पद्धति का विशेष उदाहरण प्रस्तुत करने वाले मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर ऊर्जानगरी कोरबा में बड़ी तेजी से आकार ले रहा है। इसका अधिकतर कार्य हो चुका है। 12 जून को वैदिक पद्धति से भव्य राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा होगी। यह अनुष्ठान जगन्नाथ गोवर्धनपीठ पुरी के शंकराचार्य निश्चलानंद सरस्वती के सानिध्य में सम्पन्न होगा।
कोरबा जिले ही नहीं बल्कि छत्तीसगढ़ में यह राम दरबार अपने आपमें विशिष्ट होगा। विधायक और प्रदेश के राजस्व आपदा प्रबंधन मंत्री जयसिंह अग्रवाल एवं परिजनों के द्वारा इसका निर्माण कराया जा रहा है। डीडीएम स्कूल रोड में निर्माणाधीन इस मंदिर को राम दरबार का नाम दिया गया है। निर्माण की खास शैली यहां पर लोगों को देखने मिलेगी। लगभग एक एकड़ के क्षेत्रफल में मंदिर परिसर होगा। गर्भगृह में भगवान राम, माता जानकी और हनुमान विराजित होंगे। सभा मंडप के साथ परिक्रमा पथ भी यहां पर होगा। हजारों की संख्या में श्रद्धालु यहां आसानी से दर्शन पूजन कर सकें इस हिसाब से भीतर की व्यवस्था की जा रही है। कुशल कारीगरों की टीम इस काम को ऊंचाई देने में लगी हुई है। राम दरबार में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भगवान श्रीरामचंद्र के जीवन वृतांत और रामायण काल से संबंधित विषय वस्तु की जानकारी प्राप्त हो, इसके लिए कई सामाग्रियां यहां पर होंगी.
वर्तमान में मंदिर का अधिकांश कार्य पूरा कर लिया गया है। मंदिर के शिखर के अलावा बाहरी निर्माण की पूर्ति कराई जा रही है। कलात्मकता और आकर्षण के पुट यहां पर दिए जा रहे हैं ताकि दूर-दराज तक इसकी ख्याति हो और श्रद्धा के साथ-साथ उत्सुकतावश भी लोग कोरबा के इस राम दरबार का दर्शन करने के लिए जरूर पहुंचें.
जानकारी के अनुसार जलाधिवास, अन्नाधिवास के साथ अनुष्ठान की शुरुआत होगी और पांचवे दिवस अर्थात 12 जून को सायंकाल प्राण प्रतिष्ठा का अनुष्ठान सनातन धर्म के वैदिकों के मार्गदर्शन में होगा। कई ऋत्विक इसमें सहयोग करेंगे। विशेष बात यह होगी कि गोवर्धन पुरीपीठ के शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती ने प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान में आने की सहमति दे दी है। वे 11 जून को कोरबा पहुंचेंगे और अगले दिवस इस अनुष्ठान में उपस्थित रहेंगे। देश में अनेक स्थानों पर भगवान राम के मंदिर स्थित हैं और वहां पर हर समय बड़ी संख्या में भक्तगण पहुंचते हैं। इनमें ओरछा, चित्रकूट और अयोध्या के नाम सबसे अग्रणी है.
छत्तीसगढ़ में श्रीराम के ननिहाल होने के नाते सरकार के द्वारा राम वन गमन पथ तैयार किया जा रहा है। इस नाते श्रीराम की चर्चा अलग-अलग रूप में हो रही है। ऐसे में छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े औद्योगिक नगर कोरबा में आकार ले रहे राम दरबार को लेकर माना जा रहा है कि आने वाले समय में यह अपनी विशिष्ट पहचान बड़े क्षेत्र में छोड़ेगा.