Wednesday, August 6, 2025
कोरबा न्यूज़

एतमानगर के कोदवारी में हाथियों ने उत्पात मचाते हुए खेत में फसल को रौंद डाला

कोरबा/ आकाशवाणी.इन

कटघोरा वनमंडल हाथियों का उत्पात लगातार जारी हैं। यहां पिछले कुछ दिनों से 43 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। बीती रात एतमानगर के ग्राम कोदवारी में हाथियों के दल ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने खेतों में पहुंचकर धान की फसल को रौंद दिया है। जिससे किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ा है। सूचना मिलने पर वन विभाग का अमला तत्काल रेंजर मनीष सिंह के नेतृत्व में गांव पहुंचा और उत्पाती हाथियों को खदेडऩे की कार्रवाई शुरू की। उत्पात मचाने के बाद हाथियों का दल जंगल की ओर चला गया। रेंजर मनीष सिंह ने बताया कि वन विभाग द्वारा हाथियों की लगातार निगरानी की जा रही है। आसपास के गांवों में मुनादी करा दी गई है। किसानों को हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। साथ ही रिपोर्ट तैयार की जा रही है। हाथियों के उत्पात से हजारों के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। सर्वे रिपोर्ट आने के बाद प्रकरण बनाकर मुआवजा स्वीकृति के लिए वनमंडलाधिकारी कार्यालय कटघोरा भेजा जाएगा। इससे पूर्व हाथियों के दल ने रेंज के ग्राम पचरा में उत्पात मचाते हुए धान की फसलों को रौंद दिया था। उधर केंदई रेंज में भी दो लोनर हाथी घूम रहे हैं। लोनर हाथियों ने फिलहाल क्षेत्र में कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचाया है। वन अमला सतर्क हो गया है और हाथियों की निगरानी की जा रही है।