Tuesday, August 5, 2025
Accident

बकरी चराने जंगल गए किशोर को सांप ने डस लिया, झाडफ़ूंक से बचाने के चक्कर में गई जान

कोरबा/ आकाशवाणी.इन

जिले के पाली थाना अंतर्गत ग्राम बारीउमराव जंगल में रविवार को एक किशोर बकरी चराने के लिए जंगल की ओर गया हुआ था। इसी दौरान उसने सांप के उपर पैर रख दिया तो सांप ने उसे डस लिया। परिजन उसे घर लाकर झाड़फूक  करवाने लगे। समय पर सही इलाज नही मिलने से उसकी मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार पाली थाने की चैतमा पुलिस चौकी क्षेत्रांतर्गत ग्राम बारीउमराव निवासी शिव कुमार सिंह बिंझवार का 13 वर्षीय पुत्र हेमलाल सिंह बिंझवार रविवार की सुबह 09 बजे घर से बकरी चराने के लिए जंगल की ओर गया हुआ था। उसके साथ के अन्य बच्चे भी अपनी बकरियां एवं मवेशियों को लेकर जंगल गए थे। उसकी एक बकरी भटककरघने जंगल में चली गई, जिसे खोजते हेमलाल जंगल की ओर चला गया। इसी दौरान सर्प के उपर उसका पैर पड़ गया। सर्प ने पलटकर उसे डस लिया। घटना के बाद किशोर अपने अन्य साथी चरवाहे के पास पहुंचा और जानकारी दी। जानकारी मिलते ही किशोर का पिता एवं परिवार के अन्य सदस्य जंगल पहुंचे। बेहोश किशोर को घर लाया गया। यहां उसका झाडफ़ूंक के द्वारा उपचार कराया जा रहा था। इसी दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना की सूचना उसका चाचा मंगल सिंह पिता स्व. बुधवार सिंह बिंझवार ने चैतमा चौकी पहुंचकर दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।