चौकी से फ़रार कबाड़ चोर गिरोह का मुख्य सरगना पुलिस पकड़ से दूर
कोरबा/ आकाशवाणी.इन
कबाड़ चोर गिरोह का मुख्य सरगना अभी भी पुलिस पकड़ से दूर है। 48 घंटे से भी अधिक समय बीत जाने के बाद भी कुख्यात बदमाश को पकड़ने में पुलिस को सफलता नहीं मिली है। कबाड़ चोर गिरोह 200 मेगावट प्लांट में हथियार से लैस होकर घुसा था। यहां तैनात कर्मचारियों को बंधक बनाने के बाद मेटल रुम का ताला तोड़कर रुम में रखे तांबा के पट्टी, पाईप, केबल वायर एवं ब्रास का गरारी, कॉपर का बंडल सहित करीब 6-7 टन तांबा को पार कर दिया था। सुरक्षा कर्मियों ने रनसिंह, रोशन कुमार, दिलेश्वर को पकडकर पुलिस के हवाले कर दिया था। पुलिस ने कबाड़ चोरी के लिए मशहूर मुख्य सरगना राजा खान को हिरासत में लिया था। रात 11 बजे उसे पूछताछ के लिए सीएसईबी चौकी लाया गया था। राजा खान को हथकड़ी लगाकर रखा गया था। उसकी निगरानी आरक्षक सनोज कुमार व दीपक कुमार कर रहे थे। रात करीब 2.30 बजे राजा खान गायब मिला। उसकी हथकड़ी का एक छोर टेबल में फंसा था, जबकि दूसरा छोर टेबल पर रखा हुआ था। उसके गायब होते ही आरक्षकों के होश उड़ गए। इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। राजा खान के हथकड़ी छुड़ाकर भागने की खबर पुलिस अधिकारियों के बीच हड़कंप मच गया। पुलिस आरोपी की तलाश मेें जुटी हुई है। संभावित ठिकानों में दबिश दी जा रही है। बताया जा रहा है कि जवानों की नजर हटते ही राजा खान हथकड़ी छुड़ाकर भाग निकला। 24 घंटे से भी अधिक समय बीत जाने के बाद भी मुख्य सरगना राजा खान को पकड़ने में पुलिस को सफलता नहीं मिल सकी है।
इसलिए बनाया था पावर प्लांट को टारगेट
200 मेगावट सीएसईबी पावर प्लांट बंद हो चुका है। यहां चिनार स्टील सेग्मेंट प्रायव्हेट लिमिटेड कंपनी को स्क्रैप मटेरियल निकालने का कार्य सौंपा गया है। कंपनी अप्रैल 2022 से प्लांट के अंदर स्क्रैप मटेरियल निकालने का कार्य करते हुए तांबा व अन्य कीमती उपकरणों को प्लांट परिसर के मेटल रूम में एकत्रित कर रही है। जहां सुरक्षा कर्मियों की 24 घंटे तैनाती की गई है। प्लांट का मटेरियल अस्त व्यस्त पड़ा हुआ है। चोर गिरोह शातिराना अंदाज में प्लांट के अंदर घुसा। उन्हें मालूम था कि सुरक्षा कर्मियों की संख्या कितनी है। उन्हें आसानी से बंधक बनाया जा सकता है। पूरी प्लानिंग के साथ प्लांट में चोरी को अंजाम दिया गया।
—
