खतरा : यहां धान खरीदी केंद्र में पहुंच गया दंतैल हांथी, खा गया धान, फिर कर सकता है कमबैक, देखिए वीडियो…
आकाशवाणी.इन
वन मंडल कोरबा के कुदमुरा रेंज में घूम रहे दो में से एक दंतैल हाथी शनिवार रात फेंसिंग तार को तोड़ते हुए चचिया धान खरीदी केंद्र में घुस गया. मंडी में रखे धान को खाकर बिखेर दिया. हांथी को देखकर खरीदी केंद्र में मौजूद सभी डर से सहम गए. इस बीच किसी ने घटनाक्रम का वीडियो बनाया.
रात के समय धान खरीदी केंद्र में घुसा दंतैल हांथी का वीडियो
हाथी ने दो घंटे तक उत्पात मचाते हुए 20 बोरी धान को खाने के साथ ही अन्य बोरियों को बिखेर दिया। इससे 8 क्विंटल धान का नुकसान हुआ है। कर्मचारियों ने ग्रामीणों की मदद से किसी तरह हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा। खरीदी प्रभारी ने इसकी सूचना अधिकारियों को देते हुए धान का उठाव जल्द कराने की मांग की है। हाथी प्रभावित क्षेत्रों में भी धान का उठाव समय पर नहीं हो रहा है। यहां हमेशा हाथियों के घुसने का डर बना रहता है। चचिया केंद्र में शनिवार रात 12 बजे दंतैल हाथी घुस आया। इससे कर्मचारी दहशत में आ गए और दूर से ही देखते रहे। हाथी ने आराम से धान की बोरियों को गिराकर खाना शुरू किया। डर की वजह से हाथी को भगा भी नहीं पा रहे थे। बाद में ग्रामीणों की मदद से जंगल की ओर खदेड़ा। समिति प्रबंधक प्यारेलाल साहू ने बताया कि घटना की सूचना उप पंजीयक के साथ ही जिला खाद्य अधिकारी को दी है। हाथी कुदमुरा के साथ ही रामपुर, बरपाली, श्यांग क्षेत्र में घूमते रहते हैं। इसके अलावा अभी भी कटघोरा वन मंडल में 49 हाथी घूम रहे हैं। धान खाने के लिए कभी भी जंगल से जुड़े केंद्र में पहुंच सकते हैं.
