Monday, August 4, 2025
कोरबा न्यूज़धर्म

45 मिनट चली महाआरती, उमड़ा कुसमुंडा क्षेत्र

कोरबा/ आकाशवाणी.इन

कोरबा पश्चिम के कुसमुंडा क्षेत्र अंतर्गत विकास नगर मां दुर्गा पंडाल में शारदीय नवरात्र की भांति ही चैत्र नवरात्र में भी मां आदि शक्ति भवानी की भव्य प्रतिमा की पूरे नौ दिन विधि-विधान से पूजा आरती होती है। इसी कड़ी में महाअष्टमी के दिन मां दुर्गा की भव्य महाआरती का आयोजन दुर्गा समिति की ओर से किया गया। इस महाआरती में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी सम्मिलित होने पंहुचे। मां जगदम्बे की पूजा की जिम्मेदारी संभाल रहे भरत तिवारी महाराज पर इस भव्य महाआरती को पूर्ण कराने का जिम्मा था। जो बीते 48 घंटे पूर्व ही इस आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए थे। वहीं उनके आदेशानुसार मां दुर्गा पूजा समिति भी महाआरती लिए जरूरी सभी व्यवस्थाओ में लगी हुई थी। महाआरती के लिए पूजा पंडाल परिसर में ही अलग-अलग 5 मंच बनाए गए थे, जिसमें खड़े होकर भरत तिवारी महाराज के साथ और 4 पंडितो ने भव्य महाआरती की। लगभग 45 मिनट तक चली इस महाआरती में पूरा कुसमुंडा क्षेत्र उमड़ पड़ा.
महाराज भरत तिवारी ने बताया कि गंगा आरती की तरह ही मां दुर्गा की भी महाआरती करने की बड़ी मंशा थी। जिसे लेकर मां दुर्गा समिति और क्षेत्र के पार्षद अमरजीत सिंह से चर्चा की गई। जिन्होंने आयोजन की विभिन्न जिम्मेदारियों को उठाते हुए पूरे आयोजन को सफल बनाने में अपना भरपूर सहयोग दिया। जिस वजह से कुसमुंडा क्षेत्रवासियों को यह भव्य महाआरती देखने सौभाग्य प्राप्त हुआ। निश्चित रूप से कुसमुंडा क्षेत्र में इस तरह का यह पहला आयोजन था जिसके लिए सभी ने आयोजन समिति की तारीफ की.