Sunday, August 3, 2025
कोरबा न्यूज़

भाजपाइयों ने निगम के मुख्य द्वार पर लगाया ताला- हुई पुलिस से झूमाझटकी

कोरबा/ आकाशवाणी.इन

भाजपा पार्षद दल ने नगर निगम के मुख्य प्रवेश द्वार पर ताला जड़ दिया, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ता नगर निगम पहुँचें, इस दौरान भाजपा जिला प्रभारी श्याम बिहारी जायसवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष लखनलाल देवांगन, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक चावलानी, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह, कोरबा विधानसभा प्रभारी वी. रामा राव मुख्य रूप से उपस्थित रहें.
प्रदर्शन के दौरान 2 घण्टे तक नगर निगम के बाहर भाजपाइयों ने धरना दिया, उसके बाद भाजपा कार्यकर्ता नगर निगम कार्यलय की ओर कूच करने लगे, इस दौरान नगर निगम के प्रवेश द्वारा पर पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओ को रोकने का नाकाम प्रयास किया, पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच मे भारी झूमाझटकी के बाद भाजपाई प्रवेश द्वार को खोलते हुए नगर निगम के अंदर प्रवेश कर निगम के मुख्य द्वार पर ताला बंद करने में सफल हुए.
भाजपा जिला प्रभारी श्याम बिहारी जायसवाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा 14वे एवं 15वे वित्त से 100 करोड़ पिछले 3 सालों में निगम को दिया गया जबकि राज्य में कांग्रेस की सरकार होते हुए भी 10 करोड़ से ज्यादा राशि महापौर नही ला पाए। पैसा का व्यय का हिसाब प्रदान नही किया जा रहा है, निर्माण के नाम पर खाना पूर्ति कर कागजो मे निर्माण किया जाना पाया जा रहा है.
नेता प्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल ने भी आरोप लगाते हुए कहा कि शहर में विकास कार्य पूरी तरह ठप्प पड़े हैं, कोरबा के महापौर को जनता के सुख-दुख से कोई मतलब नहीं है, निगम द्वारा नियमितीकरण को लेकर लगातार तानाशाही रवैया अपनाया जा रहा है जो कि सरासर गलत है, तत्काल प्रभाव से तानाशाही को बंद करते हुए नियमतिकरण सुलभ तरीके से कराने व्यवस्था की जाए, कोरबा नगर निगम द्वारा स्वच्छता शुल्क संपत्ति कर के साथ जोड़ कर लिया जा रहा है जो कि सरासर गलत है, प्रदेश के अन्य नगर निगम में स्वच्छता शुल्क संपत्ति कर के साथ जोड़कर नहीं लिया जाता, तत्काल संपति कर में से स्वछता शुल्क हटाया जाए.
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष लखन लाल देवांगन ने आरोप लगाते हुए कहा कि महापौर कार्यालयीन समय में अपने कार्यालय में कभी उपस्थित नहीं रहते है, महापौर कक्ष का किसी अन्य कार्य में उपयोग किया जाना चाहिए.
पूर्व महापौर जोगेश लाम्बा ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में सड़कों की स्थिति अत्यंत दयनीय है, वार्डो सहित मुख्य मार्गो की स्ट्रीट लाइट बंद पड़ी है, नालिया जाम पड़ी है, नल जल योजना के तहत केंद्र सरकार द्वारा लगभग 400 करोड़ रुपये कोरबा नगर निगम को उपलब्ध कराया गया ताकि लोगो को 24 घंटे पेयजल की सुविधा उपलब्ध हो सकें परंतु वार्डवासियों को सुबह शाम 30 मिनट से कम पेयजल दिया जा रहा है, केंद्र सरकार की योजना को धरातल में तत्काल सुचारू रूप से प्रारंभ किया जाए.
इस दौरान भाजपा कोसाबाड़ी मंडल अध्यक्ष अजय विश्वकर्मा, कोरबा मंडल अध्यक्ष परविंदर सिंह, बालको मंडल अध्यक्ष शिवबालक सिंह सहित पार्षद सुफल दास, आरती विकास अग्रवाल, ऋतु चौरसिया, कमला बैरेड, शैल राठौर, सुधार साय, धनश्री साहू, उर्वशी राठौर, नरेंद्र देवांगन, निखिल प्रतिभा शर्मा, नर्मदा लहरें, पूराइन बाई, द्रोपती वर्मा, नारायण महंत, सकुन्दी अनीता यादव, अजय गौड़, बुधवार साय यादव, पुष्पा कंवर, ममता बाली साहू, विजय साहू, फिरत साहू, लोकेश्वर चौहान, प्रेमचंद पांडे चंद्रलोक सिंह सहित हजारों की संख्या में वार्ड वासियों एवं कार्यकर्ता गण उपस्थित थे.