Monday, June 16, 2025
कोरबा न्यूज़

ढाई साल में डेढ़ लाख नए श्रमिकों ने कराया पंजीयन : शफी अहमद

कोरबा/ आकाशवाणी.इन

राज्य शासन के प्रदेश में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन से ढाई साल में डेढ़ लाख नए श्रमिकों ने पंजीयन कराया है, जबकि 15 साल में महज ढाई लाख पंजीकृत श्रमिक की संख्या थी। कांग्रेस शासित प्रदेश सरकार ने श्रमिक वर्ग का ख्याल रखा है। यह बात जिले के प्रवास पर पहुंचे राज्य श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष शफी अहमद ने पंचवटी विश्रामगृह में पत्रकारों से चर्चा के दौरान कही। उन्होंने कहा कि राज्य शासन ने श्रमिक परिवारों के छात्रों की छात्रवृत्ति व प्रोत्साहन राशि भी बढ़ाई है.
न्यूनतम वेतन का संस्थानों के द्वारा पालन नहीं करने की शिकायतों को श्रम कल्याण मंडल ने गंभीरता से लिया और कोरबा में ऐसे ही मामलों की शिकायत पर 8 संस्थानों को नोटिस जारी किया है। श्रम कल्याण मंडल की योजनाओं की जानकारी देने शहरी क्षेत्र में कैंप लगाए जाएंगे। योजनाओं के प्रचार-प्रसार नहीं होने की शिकायत पर कैंप लगाने सहायक श्रमायुक्त को निर्देश दिए गए हैं। श्रमिकों को 8 घंटे तक ही काम लिए जाने का कानूनी प्रावधान है.
इससे अधिक समय तक काम लिए जाने पर संस्थानों को अतिरिक्त भुगतान करना पड़ेगा। प्रदेश सरकार ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने विभिन्न योजनाएं चला रही है। इन्हें स्व-रोजगार देने प्रशिक्षण केन्द्र खोले जा रहे हैं। पत्रकार वार्ता में महापौर राजकिशोर प्रसाद, श्रम कल्याण मंडल के सदस्य नवीन सिंह, शहर कांग्रेस अध्यक्ष सपना चौहान आदि मौजूद रहे.