Sunday, August 3, 2025
आकाशवाणी.इनमध्यप्रदेश

शिवराज सरकार ने 22 हजार घोषणाएं की होंगी, केवल 22 ही पूरी कीं : Priyanka Gandhi

आकाशवाणी.इन

रीवा, कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी गुरुवार को मध्यप्रदेश के दौरे पर हैं। सतना के चित्रकूट में चुनावी सभा के बाद रीवा में कहा, ‘मेरी सभा में इंदिरा जी के नारे से मोदी जी नाराज हो जाते हैं। मेरे भाषण में उन्होंने टिप्पणी भी की। आप ही बताइए क्यों आप इंदिरा जी के लिए नारा लगाते हैं। क्योंकि उनका आपसे एक रिश्ता था। उन्हें मामी जी-चाची जी कहने की जरूरत नहीं थी। प्रियंका गांधी ने कहा कि सरकार रिश्वतखोरी से चल रही है।

रिश्ता निभाने से बनता है, वरना कंस भी मामा है

मुख्यमंत्री कहते हैं कि हम मामा हैं। रिश्ता निभाने से बनता है, वरना कंस भी मामा है। मुझे मतलब नहीं कोई अपने आपको फकीर बोले, मामा बोले। देश की संपत्ति गिने-चुने लोगों को सौंप दी। मेरे लिए तो आप भ्रष्ट हो। हमें पांच साल दे दो, भारी बहुमत से जिताओ, ताकि कोई हमारी सरकार को फिर से चोरी न कर पाए, ताकि आपको फकीरों से छुटकारा हो, मामा जी से छुटकारा हो और जो आपकी सेवा करता हो, वैसा नेता आपको मिले। कांग्रेस ने हमेशा आपकी हिफाजत की है।

कहते हैं कांग्रेस भ्रष्ट हैं, तो आप क्या है….

प्रधानमंत्री ने 16 हजार करोड़ के दो हवाई जहाज खरीदे आपके पैसों से। पुराने संसद भवन के सुंदरीकरण के लिए प्रधानमंत्री जी ने 20 हजार करोड़ रुपए खर्च करवाए। ये घोषणा हुई थी कोरोनाकाल में, जब लोग ऑक्सीजन मांग रहे थे। जो कह रहे हैं कि कांग्रेस भ्रष्ट हैं, तो आप क्या हैं?

मेरे पिताजी की नीतियां सफल हो रहीं

ये चंद्रयान की बात करते हैं, ये चंद्रयान हो ही नहीं पाता, अगर नेहरू जी ने इसकी नींव नहीं रखी होती। 30 साल पहले मेरे पिताजी ने जो नीतियां बनाईं, वो अब सफल हो रही हैं। पिताजी नहीं हैं, लेकिन उनकी सफलता देख मुझे खुशी होती है।

मोदी एव मामा को महंगाई से क्या मतलब…

मोदीजी को महंगाई से क्या मतलब, उनके पास तो दो हवाई जहाज है। मामाजी उनके सामने तो इतने घोटाले हो गए, उनको महंगाई से क्या मतलब। उनको थोड़ी प्याज खरीदने बाजार जाना है।

काम नहीं करेंगे, धर्म के नाम पर वोट मांग लेंगे

18 साल से मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार है। इसीलिए इनके मन में ये बात बैठ गई है कि हम काम क्यों करें। धर्म के नाम पर वोट मांग लेंगे। आप लोग सोचते हैं धार्मिक इंसान हैं, इसी को वोट देंगे।

जिस मंत्री ने किसानों को कुचला, उसे मंच पर बैठाया

ये लोग अडानी-अंबानी के हजारों करोड़ के कर्ज माफ करने के लिए नहीं कहते हैं। लेकिन, किसानों से कर्ज चुकता करने के लिए कहते हैं। किसान जब आंदोलन कर रहे थे, तब इनके एक मंत्री ने किसानों को कुचल दिया। बाद में वही मंत्री इनके साथ मंच पर बैठा रहा। ये किसानों से मिलने तक नहीं गए।

टीवी में दिखता है विकास

ये जो आप टीवी पर देखते हैं, मोदी जी-शिवराज जी ने बहुत काम किया, लेकिन धरातल पर कुछ नहीं है। ये तो आपको भी दिख रहा है कि आपकी कोई समस्या का हल नहीं निकल रहा। फिर कैसे काम हो रहा है। इन्होंने तो मीडिया को अपने कब्जे में ले रखा है कि केवल हमें ही दिखाएं।

काम नहीं करने पर नेताओं को सबक सिखाएं

मध्यप्रदेश में इतने सालों में एक भी विश्वविद्यालय और उद्योग नहीं खुले। छोटे व्यापारियों की कमर तोड़ दी। कभी नोटबंदी, कभी जीएसटी कभी कुछ। किसान एक दिन का 27 रुपए कमा रहा है। आप कांग्रेस के यहां बैठे नेताओं को 18 साल दे दो। काम नहीं करने पर भी सबक नहीं सिखाओगे तो ये नेता भी बिगड़ जाएंगे।

शिवराज ने 22 हजार घोषणाएं…

पट्टे आपको इंदिरा जी ने दिए, वो जानती थीं कि जमीन पर काम करने वाले आप हैं। शिक्षा आपको कांग्रेस ने दी। आपके लिए भोजन का अधिकार बनाया। कांग्रेस की ये पुरानी परंपरा है। शिवराज सरकार ने 22 हजार घोषणाएं की होंगी, केवल 22 ही पूरी कीं।

जहां कांग्रेस सरकारें, वहां पुरानी पेंशन लागू

राजस्थान, छत्तीसगढ़ में हम किसानों के कर्ज माफ कर रहे हैं और यहां भी सरकार बनते ही हम किसानों के कर्ज माफ करेंगे। आज कर्मचारी BJP सरकार से पुरानी पेंशन मांग रहे हैं, लेकिन सरकार कहती है कि हमारे पास पैसे नहीं हैं। जबकि, जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकारें हैं, वहां पुरानी पेंशन लागू है।