Saturday, August 9, 2025
Accident

इस युवक की अगले महीने थी शादी, दुर्घटना में हो गई दर्दनाक मौत, परिवार में शोक 

कोरबा/ आकाशवाणी.इन

ग्राम रामपुर ढोंगदरहा के पास गुरुवार को सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक युवक की अगले महीने ही शादी थी। पूरा परिवार शादी की तैयारी में जुटा हुआ था। परिवार की खुशियां मातम में तब्दील हो गई। मामला करतला थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम भैसमा ढोंगदरहा निवासी सुरेंद्र यादव (27 वर्ष)एक निजी कोल कंपनी में काम करता था। गुरुवार को लगभग साढ़े 10 बजे वह नाइट शिफ्ट खत्म करके अपने घर लौटा था। खाना खाने के बाद युवक दोपहर के वक्त किसी काम से बाहर निकला था। उसने घर के लोगों से कहा कि वह थोड़ी देर में एक जगह से आ रहा है। वह बोलेरो लेकर निकला था। इसी बीच रामपुर नोन्दरहा के पास बोलेरो अनियंत्रित होकर पलट गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के मामा राजेश यादव ने बताया कि सुरेंद्र की शादी रायगढ़ जिले में तय हो गई थी। तारीख तय होना बाकी था, अगले महीने का मुहूर्त निकलवाने की तैयारी थी। सभी उसकी शादी तय होने से बहुत खुश थे और तैयारी में जुटे हुए थे। हादसे से पूरा परिवार शोक मेें डूब गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बोलेरो की रफ्तार बहुत अधिक थी और अनियंत्रित होकर दो बार पलटी, जिससे सुरेंद्र को गंभीर चोटें आई थीं। उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया था।